Dumka

Mar 04 2024, 15:32

दुमका:सामूहिक दुष्कर्म की शिकार स्पेनिश महिला को 10 लाख का सौंपा गया मुआवजा,डीसी ने पीड़ित महिला के पति को सौंपा चेक, DLSA ने की थी पहल


दुमका :- दुमका में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार स्पेनिश महिला को Jharkhand Victim Compensation Scheme के तहत 10 लाख रूपये का मुआवाज सौंपा गया। 

जिले के उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने पीड़ित महिला के पति को 10 लाख रूपये का मुआवजा सौंपा। इसके लिए DLSA (District Legal Service Authority) ने की पहल की थी।

गौरतलब है कि दुमका के हँसडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते एक मार्च की रात्रि बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकली स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट एवं लूटपाट की घटना घटी थी। 

महिला के पति के साथ भी मारपीट की गयी थी। मामले में बीते रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दुमका सेंट्रल जेल भेजा जा चुका है।

उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने कहा कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। 

जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित विदेशी दम्पति को हर संभव मदद की जा रही है। मुआवजा राशि को यूरो में कन्वर्ट कर पीड़िता के अकाउंट में भेज दिया जाएगा। कहा कि हमारी कोशिश है कि मामले की स्पीडी ट्रायल कर दोषियों को जल्द सजा मिले।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Mar 02 2024, 22:50

दुमका : स्पेनिश महिला की लज्जा भंग मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान

आरोपी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का दिया गया अल्टीमेटम

दुमका : दुमका के हँसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में शुक्रवार की रात स्पेनिश महिला की हुई लज्जा भंग मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान में लिया है। आयोग की सदस्य ममता कुमारी शनिवार को दुमका पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही शाम में स्थानीय परिसदन में पीड़ित महिला और उसके पति से मिली। आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने मामले में सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाया और घटना को दुःखद बताया। 

उन्होंने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए घटना में शामिल बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। कहा कि दुमका में इतनी बड़ी घटना हो गयी और वर्ल्ड टूर पर निकली विदेशी दम्पति के दुमका आने की जानकारी ना तो ख़ुफ़िया विभाग को थी और ना ही पुलिस द्वारा उनलोगों की सुरक्षा के लिये कोई कदम उठाया गया। क़ानून के रखवाले अपनी भूमिका समझ नहीं रहे है। आयोग ने मामले को संज्ञान में लेकर पूरी रिपोर्ट आयोग को भेजेगी। आयोग मामले की लीपापोती नहीं होने देगी।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Mar 02 2024, 22:13

दुमका : स्पेनिश महिला के सात हैवानों ने की थी दरिंदगी, पीजेएमसीएच में हुई मेडिकल जाँच, पढ़िए पूरी रिपोर्ट..


दुमका :- झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के हँसडीहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात वर्ल्ड टूर पर निकली एक स्पेनिश महिला के साथ लज्जा भंग का मामला सामने आया है। महिला के पति के साथ मारपीट की भी घटना सामने आयी है। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन व्यक्ति को पूछताछ के लिये डिटेन किया है।

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में कुल सात आरोपियों की संलिप्तता की बात सामने आयी है। इधर पीड़ित महिला को मेडिकल जाँच के लिये पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीड़ित महिला एवं उसके पति खुद अपनी अपनी अलग अलग बाइक चलाकर अस्पताल पहुँचे।

वर्ल्ड टूर पर मोटरसाईकिल से निकले स्पेन की एक दम्पति के साथ दुमका में हैवानों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। 

जानकारी के मुताबिक दो अलग अलग बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकली स्पेन की एक महिला अपने पति के साथ पश्चिम बंगाल से दुमका होते हुए नेपाल जा रही थी। हालांकि दुमका जिले में प्रवेश की विदेशी दम्पति द्वारा स्थानीय प्रशासन को जानकारी नहीं दी गयी थी। बीती रात हँसडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव के मुख्य सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर दम्पति ने रात्रि विश्राम के लिये डेरा डाला जिसकी स्थानीय हँसडीहा थाना को भी जानकारी नहीं दी गयी थी। बीती रात हँसडीहा थाना पुलिस का गश्ती दल जब मुख्य सड़क से गुजर रहा था तभी गश्ती दल की नजर सड़क किनारे उस दम्पति पर पड़ी और गश्ती दल ने दोनों से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दम्पति ने अपने साथ घटी घटना को पुलिस को बताया हालांकि भाषा की समस्या की वजह से गश्ती दल दोनों को सरैयाहाट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिये भर्ती कराया और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। स्पेनिश महिला ने अपने साथ घटी घटना को डॉक्टर को बताया कि रात्रि विश्राम के दौरान करीब सात लोगों ने मिलकर उसकी लज्जा भंग की और उसके पति के साथ मारपीट और लूटपाट की गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार एवं अन्य अधिकारी मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन की। पीड़ित महिला के बयान एवं निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान अन्य आरोपियों की पहचान की गयी जिसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मामले की जाँच के लिये SIT का गठन किया गया है और वो खुद पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। मामले के अनुसन्धान में FSL और CID का सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता की हालात फिलहाल सामान्य है। 

इधर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीड़िता और उसके पति खुद अपनी बाइक चलाकर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुँचे जहाँ उनकी मेडिकल जाँच और इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टरअधीक्षक डॉक्टर अनुकरण पूर्ति अनुकरण पूर्ति ने कहा कि दोनों की जान को खतरा नहीं है। जाँच चल रही है और एक मेडिकल बोर्ड की टीम बनायी जाएगी जिसमें महिला डॉक्टर को शामिल किया जाएगा। फिलहाल अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पायेगा। 

इधर दुमका से बीजेपी सांसद सुनील सोरेन एवं पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी अस्पताल पहुंची और पीड़ित विदेशी दम्पति की खैरियत ली। सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि यह दुःखद और शर्मसार करने वाली घटना है। झारखण्ड में विधि व्यवस्था की गिरती स्थिति से अपराधियों में कोई खौफ नहीं है। इस घटना से भारत की छवि धूमिल होगी।

बहरहाल इस घटना के बाद पीड़ित दम्पति को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया हैं। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की गुप्ता)

Dumka

Mar 02 2024, 13:46

दुमका : वर्ल्ड टूर पर निकली स्पेनिश महिला की लज्जा भंग, पति के साथ मारपीट, 3 हिरासत में, अन्य की तलाश जारी, एसपी ने की पुष्टि


दुमका : झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के हँसडीहा थाना क्षेत्र में बीती रात वर्ल्ड टूर पर निकली एक स्पेनिश महिला के साथ लज्जा भंग का मामला सामने आया है। महिला के पति के साथ मारपीट की भी घटना सामने आयी है। मामले में पुलिस ने तीन व्यक्ति को पूछताछ के लिये डिटेन किया है। 

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

 मामले में कुल सात आरोपियों की संलिप्तता की बात सामने आयी है। इधर पीड़ित महिला को मेडिकल जाँच के लिये पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीड़िता महिला एवं उसके पति खुद अपनी अपनी अलग अलग बाइक चलाकर घटनास्थल से अस्पताल पहुँचे।

जानकारी के मुताबिक दो अलग अलग बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकली पीड़ित महिला अपने पति के साथ पश्चिम बंगाल से नेपाल जा रही थी। दुमका जिले में प्रवेश की विदेशी दम्पति द्वारा स्थानीय प्रशासन को जानकारी नहीं दी गयी थी। बीती रात हँसडीहा थाना क्षेत्र के करीब एक गांव में दोनों ने रात्रि विश्राम के लिये डेरा डाला जिसकी स्थानीय हँसडीहा थाना को भी जानकारी नहीं दी गयी थी।

(विस्तृत खबर थोड़ी देर में...)

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Mar 02 2024, 10:26

दुमका : बीपीएल पर राधा रानी स्टार 11 का कब्जा,अमन की आतिशी बल्लेबाजी,4 रनों से शुभोजीत कौशिक 11 को हराया


दुमका : - बरमसिया प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में राधा रानी स्टार 11 ने अमन खान की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत शुभोजीत कौशिक 11 को चार रनों से हरा दिया।

राधा रानी 11 के अमन खान ने 34 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली।

शिकारीपाड़ा के बरमसिया में खेले गये बरमसिया प्रीमियर लीग के अंतिम एवं रोमांचक मुकाबले में राधा रानी स्टार 11 ने शुभोजीत कौशिक 11 को चार रनों से शिकस्त देकर ख़िताब पर कब्जा जमाया। 

फाइनल मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए राधा रानी स्टार 11 ने 6 विकेट खो कर 154 रनों का स्कोर खड़ा किया। राधा रानी स्टार 11 की तरफ़ से अमन ख़ान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंद पर 74 रन बनाया। शुभोजीत कौशिक 11 की तरफ़ से जयदेव ने 3 विकेट लिया। जवाब में उतरी शुभोजीत कौशिक 11 की टीम निर्धारित ओवर में 3 विकेट के नुक़सान पर 150 रन ही बना पाई।शुभोजीत कौशिक 11 की तरफ़ से नज़रूल ने 55, रिंकु दत्ता ने 32 एवं जयदेव ने 24 रनों की पारी खेली। राधा रानी स्टार 11 की तरफ़ से शुभम ने 2 विकेट लिया।

विजेता एवं उप विजेता की टीमों को ट्रॉफ़ी एवं नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

मैच में निर्णायक की भूमिका संतोष कुमार एवं समीर सिंह ने निभाई। वही स्कोरर की भूमिका राहुल एवं राकेश ने तथा ऑन लाइन स्कोरर की भूमिका प्रीतम एवं सूरज ने निभाई। मुख्य अतिथि कुणाल झा ने सभी टीम एवं खिलाड़ियों के साथ साथ आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएँ दी। 

मौके पर विशिष्ट अतिथि प्रभु, किसलय पल्लव, अमित एवं मानसिंग, बरमसीया प्रीमियर लीग के आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक मंडल, सचिव शिव कुमार सिंह , उपाध्यक्ष विष्णु कुमार, सदस्य समीर सिंह, कृष्णा मंडल, मुकेश मंडल, संतोष साह प्रसेनजित नाग, चंदन मंडल, पीयूष कुमार, समीर मिर्धा, प्रीतम मंडल आदि मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Mar 01 2024, 20:33

दुमका : मसलिया से साइबर ठग गिरफ्तार, एक फरार, संदिग्ध ऐप इनस्टॉल कराकर खाली कर देता था बैंक अकाउंट


दुमका :- मसलिया थाना क्षेत्र के बड़ा डुमरिया से पुलिस ने एक साइबर ठग को गिरफ्तार को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार साइबर ठग के पास से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन फर्जी सिम कार्ड एवं चार एटीएम कार्ड बरामद किया है। 

आरोपी के मोबाइल फोन में कई साइबर ठगी से संबंधित संदिग्ध AVVALDESK ऐप लोड पाया गया।

प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज के मुताबिक साइबर ठग तोसिफ राजा की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।

उन्होंने कहा कि टीम ने छापेमारी कर साइबर ठग तोसिफ राजा को गिरफ्तार किया जबकि एक अन्य संलिप्त आरोपी तनवीर अंसारी फरार हो गया जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

उन्होंने कहा कि आरोपी बीते कई दिनों से फर्जी कस्टमर केयर के नाम से लोगों से साइबर ठगी करता था। संदिग्ध AVVALDESK ऐप लोगों के मोबाइल पर इनस्टॉल कराकर सारा डाटा हैक कर लेता था और फिर कुछ ही पलों में लोगों के बैंक अकाउंट खाली कर देता था। 

आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अलावा धारा 42 (3) टेलीकमन्युकेशन एक्ट 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की अनुसन्धान में जुटी हुई है।

टीम में प्रशिक्षु डीएसपी के अलावा पुअनि दिलीप कुमार बड़ाईक, आरक्षी महेन्द्र यादव, हवलदार तरुण कुमार एवं महेन्द्र किस्कू, तकनीकी शाखा के अभिषेक मुर्मू एवं सहायक आरक्षी राजेंद्र मुर्मू शामिल थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 27 2024, 21:17

दुमका : सनकी प्रेमी की करतूत, प्रेमिका व उसकी माँ को पेट्रोल से जलाया, पीजेएमसीएच में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार

दुमका : झारखण्ड के दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र के सीतासाल गांव में एक सनकी प्रेमी ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। सीतासाल में बीती रात एक सनकी प्रेमी ने आदिवासी माँ और उसकी शादीशुदा बेटी को ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) से जलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। 

गंभीर रूप से घायल माँ-बेटी को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालात गंभीर बनी हुई है। इधर सनकी प्रेमी सुनीराम किस्कू को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनीराम असम का रहनेवाला बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की अनुसन्धान में जुट गयी है। एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने घटना की पुष्टि की।

जानकारी के मुताबिक असम के बोगाय गांव का रहनेवाला सुनीराम किस्कू ने बीती रात घर में सोयी शादीशुदा महिला मेरीका हेमब्रम और उसकी माँ बड़की मुर्मू पर ज्वालनशील पदार्थ छिड़कर आग लगा दी। इस घटना में मेरीका और उसकी माँ गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद अफरा तफरी मच गयी। आनन फानन में दोनों के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दोनों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। 

वहीं घटना को अंजाम देकर भाग रहे सुनीराम को ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता मेरीका के भाई अजीत हेमब्रम ने कहा कि बीती रात सुनीराम अचानक घर घुस गया। घर में उसकी माँ और बहन ही मौजूद थी। आरोपी ने दोनों को पेट्रोल से जलाकर भाग गया हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया। कहा कि हाल में बहन की सुनीराम से कहा सुनी हुई थी। पति की मौत के बाद बहन मायके में ही रहती है। सुनीराम की काफी दिनों से उसकी बहन पर नजर थी। 

अजीत ने सुनीराम को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की। पीजेएमसीएच के अधीक्षक डॉ अनुकरण पूर्ति ने कहा कि मेरीका 20 से 25 प्रतिशत और उसकी माँ 15 से 20 प्रतिशत तक जल चुकी है। दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है क्योंकि पेट्रोल से जलना काफी घातक होता है। इधर पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि पीड़िता शादीशुदा थी और पति के देहांत होने के बाद मायके में रहती है। पीड़िता के दो बच्चे भी है। कहा कि तीन साल पहले पीड़िता का आरोपी से मोबाइल पर संपर्क हुआ और उसके साथ मजदूरी करने केरल भी गयी थी। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में थे। आरोपी पूर्व से शादीशुदा था और जब इस बात का पीड़िता को पता चला तो वो आहत होकर मायके में रहने लगी। कहा कि आरोपी सुनीराम बीते दिनों दुमका आकर पीड़िता को अपने साथ जबरन ले जाना चाह रहा था लेकिन मेरीका उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी थी जिसकी पूर्व से पुलिस को कोई सूचना नहीं थी।

 कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है। पूरे मामले की जाँच की जा रही है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 25 2024, 12:57

दुमका : झारखण्ड ने अपनाया FDR तकनीक, काठीकुंड से हुई शुरुआत, पर्यावरण के संरक्षण का दावा..पढ़िए StreetBuzz पर खास रिपोर्ट...


दुमका : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब झारखण्ड में एफडीआर यानी फुल डेप्थ रेक्लेमेशन तकनीक से सड़के बनेंगी। झारखण्ड में पहली बार इस तकनीक का ट्रायल दुमका के नक्सल प्रभावित इलाका काठीकुण्ड में किया गया। काठीकुंड के शिवतल्ला से तिलाईटांढ़ भाया नारगंज तक करीब 12 किलोमीटर ग्रामीण सड़क का निर्माण एफडीआर तकनीक से किया जा रहा है। झारखण्ड में करीब 148 ग्रामीण सड़कों के निर्माण में एफडीआर तकनीक को अपनाएं जाने की योजना है। 

ग्रामीण विकास विभाग का दावा है कि यह तकनीक पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल है। एफडीआर तकनीक से बननेवाली सड़कों में पत्थरों का दोहन नहीं होगा और पर्यावरण का संरक्षण होगा।

विभाग के एसई एवं नोडल ऑफिसर सुबोध पासवान ने कहा कि एफडीआर तकनीक से बननेवाली सड़कों में 15 से 20 प्रतिशत तक रूपये की बचत है जिससे सड़क निर्माणमे लागत कम पड़ती है और इसकी मियाद भी करीब 20 वर्षो की है। कहा कि इस तकनीक में भी नवनिर्मित सड़क की पांच वर्ष तक मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी या फर्म की होती है। 

कहा कि प्रथम चरण में एफडीआर तकनीक से दुमका सहित रांची, साहेबगंज, गोड्डा, गिरिडीह, खूंटी, पलामू और गढ़वा में ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा। इन जिलों में निर्माण से संबंधित मैटेरियल दूर से लाना पड़ता है जिससे लीड बढ़ती है और इसकी वजह से डीपीआर बढ़ जाता था। इसलिए इन जिलों में एफडीआर तकनीक से 148 सड़कों की निर्माण की योजना स्वीकृति किया गया है।

कार्यपालक अभियंता सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि दुमका के काठीकुंड के शिवतल्ला से तिलाईटांढ़ भाया नारगंज तक करीब 10 करोड़ रूपये की लागत से 12 किलोमीटर ग्रामीण सड़क के निर्माण में एफडीआर टेक्नोलोजी को अपनाया जा रहा है। इस तकनीक में अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। 

खास बात यह है कि अत्याधुनिक मशीनों से पुरानी सड़क में इस्तेमाल की गयी पत्थर और अन्य मटेरियल को निकालकर उसे सीमेंट और खास केमिकल के साथ मिलाकर नयी सड़क का निर्माण किया जाएगा। कहा कि फिलहाल 200 मीटर तक एफडीआर टेक्नोलोजी से सड़क का निर्माण कर ट्रायल किया जा रहा है। उसके बाद तकनीकी जाँच में सफलता मिलने के बाद इसी तकनीक से पूरी सड़क का निर्माण किया जाएगा।

दुमका में एफडीआर टेक्नोलोजी से बन रही सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसी हरिनंदन चौधरी ने इसे चुनौती के तौर पर लिया। 

हरिनंदन चौधरी ने कहा कि उन्हें जब इस टेक्नोलोजी की जानकारी हुई तो उन्होंने इस नयी तकनीक पर सड़क निर्माण का मन बनाया जो काफी चुनौतीपूर्ण है लेकिन उम्मीद है कि उनकी एजेंसी बेहतर नतीजे देगी। 

गौरतलब है कि काठीकुण्ड में एफडीआर तकनीकी से सड़क निर्माण का कार्य ट्रांसलिंक इंफ्रास्ट्रक्चर कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सौरभ पांडेय और उनकी टीम के नेतृत्व में कराया जा रहा है। सौरभ पांडेय के मुताबिक गुजरात की ट्रांसलिंक इंफ्रास्ट्रक्चर कंसलटेंट कंपनी ने देश में यह तकनीक लेकर आयी और इस तकनीक से उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण में मिली सफलता के बाद झारखण्ड में अब इस तकनीक का प्रयोग कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे यहाँ की प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा।

इससे पूर्व सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न जिलों के अभियंता, बिटकेम के सीनियर एसोसिएट मनोज गुप्ता सहित अन्य कर्मी एवं संबंधित एजेंसी के कर्मी मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 24 2024, 20:53

दुमका : पूर्व सीएम की रिहाई के लिए यज्ञ व हवन का आयोजन, निकाला गया न्याय मार्च

दुमका: झारखण्ड में कथित जमीन घोटाला में जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई के लिए झामुमो ने शनिवार को ईश्वर को याद कर हवन का आयोजन किया।

 पार्टी कार्यकर्ता पूर्व सीएम श्री सोरेन को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर भी उतरे और जगह जगह पर न्याय मार्च निकाला।

झामुमो के दुमका नगर प्रभारी रवि यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओ ने शनिवार को धर्मस्थान मंदिर परिसर में यज्ञ और हवन का आयोजन किया और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जल्द रिहाई की ईश्वर से कामना की। 

नगर प्रभारी रवि यादव ने कहा कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के साथ अन्याय हुआ है, उन्हे तत्काल जेल से रिहा किया जाए। कहा कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय जाँच एजेंसी का दुरूपयोग कर हेमंत सोरेन को प्रताड़ित किया और जबरन झूठा मुकदमा मे फंसाया है जिसे राज्य की जनता कभी बर्दाश्त नही करेंगी।

मौके पर शिवेंदु चक्रवर्ती, पराक्रम शर्मा, आदित्य श्रीवास्तव, शान सिंह राजपूत, चंदन भुवानियां, मनोज रजक, कुणाल राज, अनमोल राम, कृष्णा देवी, इंदु चौबे, गीता देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

इधर सिदो कान्हू पोखरा चौक से झामुमो नगर प्रभारी रवि यादव के नेतृत्व में न्याय मार्च निकाली गई। 

मौके पर शिवेंदु चक्रवर्ती, पराक्रम शर्मा, सुमंत यादव, सिकंदर बख्श, मो आरीफ, आदित्य श्रीवास्तव, शान सिंह राजपूत, कुणाल राज, मेहबूब सरकार, अनमोल राम, कुणाल गुप्ता, चंदन भुवानिया, राजीव हेतमपुरिया, राजू, मनोज रजक, मधु अली खान, मो नौशाद, मो पप्पु, रंजीत शाह, इंदु चौबे, कृष्णा देवी, नसीबा शाहीन, गीता देवी सहित समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Feb 23 2024, 21:23

दुमका : कई यादगार पलों के साथ हिजला मेला संपन्न, मेला में रची बसी है संप की संस्कृति - डीडीसी


दुमका : दुमका में आठ दिनों तक चली ऐतिहासिक राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव कई यादगार पलों को समेटने के साथ ही शुक्रवार को समाप्त हो गया।

मेला का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी, घड़ा उतार प्रतियोगिता के साथ हुआ। दुमका के उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि मेला में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से कमोबेश यह प्रतीत हुआ कि हिजला सबके हृदय में जीता है। 

उन्होंने कहा कि राजकीय जनजातीय हिजला मेला के सफल आयोजन में जनसहयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। हिजला मेला यहां की संस्कृति की परिचायक है। यह मेला यहां की संस्कृति यहां की आत्मा को संजोए रखने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस परिकल्पना के साथ 1890 में इस मेले की शुरुआत की गई थी उसे आज तक बरकरार रखा गया है। यह मेला आदिवासी जीवन शैली यहां की संस्कृति को प्रस्तुत करता है।

 यहां की संस्कृति को मंच प्रदान करने का कार्य यह मेला करता है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थी।आमजनों को परेशानी नहीं हो इसे लेकर सुरक्षा के मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।कहा कि आने वाले वर्षों में इस मेले को और भी भव्य रूप से आयोजन किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि हिजला मेला में संथाल परगना के संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।इस मेले के सफल आयोजन के लिए सभी समिति, पदाधिकारी, कलाकारों एवं स्थानीय लोगों को धन्यवाद-आभार। 

कहा कि इस मेले की ख्याति देश विदेश तक जाए इसके लिए आने वाले वर्षों में और भी भव्य रूप से आयोजन किया जाएगा। मेला में सरकार के कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए थे जिससे लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो रही थी। कहा कि अगले वर्ष एक नयी ऊर्जा के साथ इस मेला का आयोजन और भी भव्य तरीके से किया जाएगा। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जरमुंडी, जामा, मसलिया, काठीकुंड द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। मानभूम सांस्कृतिक समिति सरायकेला द्वारा पाईका नृत्य की प्रस्तुति दी गयी। रजत आनंद द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला वर्ग में आदिवासी अखाड़ा-मालभंडारो, अंगिता सोरेन ग्रुप-काठीकुंड, जोहन टुडू-बसमत्ता क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष वर्ग में आयनेश टुडू ग्रुप-मसलिया, रामजीत टुडू ग्रुप-बाँसकुली रानेश्वर, देवेश चंद्र हेम्ब्रम जगदीशपुर रानेश्वर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।

घड़ा उतार प्रतियोगिता में चांदो पानी दुमका की टीम ने पहले ही प्रयास में घड़ा उतार कर पहला स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में अतिथियों द्वारा हिजला मेला से संबंधित स्मारिका का विमोचन किया गया साथ ही इस दौरान डॉ धुनि सोरेन द्वारा लिखी पुस्तक "इंग्लैंड में एक संताल ग्रामीण की एक अप्रत्याशित कहानी" का भी विमोचन किया गया।

इससे पूर्व पारंपरिक रीति रिवाज से अतिथियों का स्वागत किया गया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)